VIVO IPL 2019: हो गया तारीख का ऐलान, आईपीएल 2019 भारत में ही होगा

भारत में लोकसभा चुनावों के चलते इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण को भारत से बाहर करने की खबरों पर अब विराम लग गया है। ऐलान कर दिया गया है कि आईपीएल 2019 का आयोजन भारत में ही होगा। गौरतलब है कि काफी खबरें थीं कि पहले भी दो बार लोकसभा चुनावों के दौरान जिस तरह आईपीएल का आयोजन बाहर कराना पड़ा था, इस बार भी वैसा ही होगा लेकिन अब इस पर से पर्दा उठ चुका है और भारतीय फैंस को अपनी ही जमीन पर आईपीएल के 12वें संस्करण का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए इसका ऐलान किया है।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, 'सर्वोच्च अदालत द्वारा नियुक्त की गई प्रशासकों की समिति (सीओए) ने मंगलवार को दिल्ली में बैठक की और आईपीएल-2019 के स्थलों और विंडो पर चर्चा की।' बयान के मुताबिक, 'केंद्र और राज्यों की एजेंसियों के साथ चर्चा करते हुए यह फैसला लिया गया है कि आईपीएल का 12वां सीजन भारत में ही आयोजित किया जाएगा। आईपीएल-2019 की शुरुआत 23 मार्च से होगी। आगे का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।' बीसीसीआई के बयान के मुताबिक, 'सीओए आईपीएल के हितधारकों से लीग के आगामी संस्करण के कार्यक्रम को लेकर चर्चा करेगी।'

Comments